जिला प्रशासन ने 59 विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए चश्मे
By Team orangehindi

प्रोजेक्ट पहल के तहत हुई स्वास्थ्य जांच में सामने आया था दृष्टि दोष, उपायुक्त ने 12 विद्यार्थियों को स्वयं पहनाया चश्मा
लोहरदगा। जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में कल्याण विभाग के अधीन संचालित विभिन्न आवासीय विद्यालयों के 59 छात्र-छात्राओं के बीच चश्मों का वितरण किया गया। उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने सांकेतिक रूप से 12 विद्यार्थियों को चश्मा प्रदान किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चश्मा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय कुजरा के 29, कैरो के दो, सेन्हा के चार, अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय किस्को के 11, अनुसूचित जनजाति आवासीय मध्य विद्यालय बमनडीहा के नौ, पेशरार के दो तथा तुइमुपाठ के दो विद्यार्थी शामिल हैं।
बताया गया कि प्रोजेक्ट पहल (प्रोटेक्शन, एजुकेशन एंड हेल्थ एक्शन फॉर लोहरदगा) के तहत संबंधित विद्यालयों में चिकित्सकीय दल द्वारा विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई थी। जांच के दौरान 59 छात्र-छात्राओं में दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई। इसके बाद जिला प्रशासन की पहल पर सभी चिन्हित विद्यार्थियों को आवश्यक चश्मे उपलब्ध कराए गए।
मौके पर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि बच्चों का स्वास्थ्य, शिक्षा और सर्वांगीण विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वस्थ विद्यार्थी ही बेहतर तरीके से पढ़ाई कर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला कल्याण पदाधिकारी सरस्वती कच्छप, संबंधित विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।