आरोग्य फाउंडेशन की सेविका बहनों के साथ खड़ा रहेगा जिला प्रशासन : डीडीसी राज महेश्वरम
By Team orange hindi

रक्षा बंधन कार्यक्रम में पहुंचे डीडीसी, सेविकाओं ने रक्षा सूत्र बांधकर किया सम्मानित

लोहरदगा। आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर से मुंद्रिका बैंक्वेट में आयोजित नेत्र जांच शिविर एवं रक्षा बंधन कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में फाउंडेशन की सेविका बहनों और कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक नृत्य, ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। संकट मोचन हनुमान मंदिर से मुंद्रिका बैंक्वेट तक विभिन्न गांवों से पहुंची सेविकाओं के समूह ने उत्साह के साथ अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद फाउंडेशन की सेविकाओं ने डीडीसी राज महेश्वरम को रक्षा सूत्र बांधा। देखते ही देखते उनकी दोनों कलाइयां राखियों से भर गईं। इसके बाद डीडीसी ने सेविकाओं को अपने हाथों से उपहार देकर रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीडीसी राज महेश्वरम ने कहा कि आरोग्य फाउंडेशन की सेविका बहनों द्वारा जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन फाउंडेशन की सेविकाओं और उनके जनसेवा के कार्यों में हरसंभव सहयोग एवं मार्गदर्शन देगा। उन्होंने सेविकाओं से कहा कि जब भी उन्हें प्रशासनिक सहयोग की आवश्यकता हो, वे बेझिझक उनसे संपर्क कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि वे पहले भी लोहरदगा में एसडीएम के रूप में अपनी सेवा दे चुके हैं, इसलिए जिले के ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों की परिस्थितियों से परिचित हैं। ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधा और स्वावलंबन के लिए किए जा रहे प्रयासों का समाज पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है।
इस अवसर पर डीडीसी ने नेत्र जांच शिविर के 12 लाभुकों को अपने हाथों से चश्मा प्रदान किया। उन्होंने फाउंडेशन की आई चेकअप वैन का भी अवलोकन किया और फाउंडेशन के पदाधिकारियों से कहा कि इस मोबाइल सुविधा का लाभ जिले के विभिन्न विद्यालयों और दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाए।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सार्जेंट मेजर मुकेश कुमार अपनी बटालियन के जवानों के साथ उपस्थित रहे। फाउंडेशन की सेविकाओं ने सार्जेंट मेजर सहित बटालियन के सभी जवानों को भी रक्षा सूत्र बांधा। इस दौरान देश की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
20 दिनों में 600 से अधिक लोगों की नेत्र जांच
फाउंडेशन के संयोजक जय प्रकाश शर्मा ने संस्था की ओर से किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले के कई सुदूर और दुर्गम क्षेत्रों में आज भी स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है। फाउंडेशन का प्रयास है कि विशेष रूप से जिले के पहाड़ी और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए।
जिला सचिव सुनील अग्रवाल ने बताया कि पिछले करीब 20 दिनों में 600 से अधिक लोगों की नेत्र जांच की जा चुकी है। जांच के दौरान करीब 40 मोतियाबिंद मरीजों को चिह्नित किया गया है, जिनके नि:शुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था फाउंडेशन द्वारा की जाएगी। वहीं अब तक 150 से अधिक लोगों को चश्मे वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन से भविष्य में सेवा कार्यों को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों एवं लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके सहयोग से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
मंच पर राष्ट्रीय मार्गदर्शक डॉ. मुकुल भाटिया, राष्ट्रीय संरक्षक एवं रिम्स के पूर्व निदेशक डॉ. एमएस भट्ट, नेत्र सर्जन डॉ. राजमोहन, केंद्रीय सदस्य शिवशंकर साबू, संयोजक जय प्रकाश शर्मा, जिला सचिव सुनील अग्रवाल, मंदिरा गोगोई, प्रभा भट्ट, नीलू रानी, लोहरदगा संरक्षक शिव प्रसाद राजगढ़िया, नवल प्रसाद राजगढ़िया, गुप्तेश्वर गुप्ता एवं हीरालाल अग्रवाल समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा सेविकाओं ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधा।
मौके पर देवेंद्र मंडल, उपाध्यक्ष संजय चौधरी, कपिलदेव मिश्रा, जीवन राज मेहता, प्रदीप साहू, विनोद कुमार, गुड्डू रॉय, राजन मेहता, मदन मोहन पांडेय, संजय अग्रवाल, पवन पोद्दार, सुनील मेहता, रोहित साहू, जिला प्रचारक दीपक कुमार, रश्मि अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, विपुल तमेड़ा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।