Orange hindi lohardaga live

आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया की जिला कमेटी का हुआ गठन

By Team Lohardaga live

social
बैठक में उपस्थित लोग

लोहरदगा। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी संस्था आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया की एक महत्वपूर्ण बैठक डॉ. मुकुल भाटिया की अध्यक्षता में संयोजक जयप्रकाश शर्मा के आवास पर संपन्न हुई। बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से आए चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान लोहरदगा जिले की नई जिला कमेटी का गठन सर्वसम्मति से किया गया। नवगठित कमेटी में कुमुद अग्रवाल को अध्यक्ष, सुनील अग्रवाल को सचिव तथा अभिषेक पोद्दार को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। संरक्षक की भूमिका में शिवप्रसाद राजगढ़िया, नवल अग्रवाल और दीपक सराफ को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अतिरिक्त संजय चौधरी को उपाध्यक्ष तथा जीवन राज मेहता को सहसचिव बनाया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही कमेटी का विस्तार किया जाएगा और जिले के सभी प्रखंडों में भी आरोग्य फाउंडेशन की इकाइयां गठित की जाएंगी।

आरोग्य फाउंडेशन ऑफ इंडिया एक गैर-सरकारी संगठन है, जो ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण और शिक्षा के क्षेत्र में कार्य करता है। संस्था का उद्देश्य स्वास्थ्य शिक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, टेलीमेडिसिन और हर्बल उपचार जैसी सेवाओं के माध्यम से समुदायों को सशक्त बनाना है।

संस्था द्वारा प्रत्येक दो गांवों के समूह के लिए एक महिला कार्यकर्ता नियुक्त की जाती है, जिसे प्रशिक्षण देकर और मानदेय प्रदान कर स्वास्थ्य सेवा से जोड़ा जाता है। फाउंडेशन खुले में शौच के बजाय शौचालयों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाता है तथा स्कूलों में बच्चों को व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ आदतों के प्रति शिक्षित करता है।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की कमी को दूर करने के लिए संस्था ने ‘टेलीमेडिसिन संवर्धित आरोग्य’ जैसी सेवा शुरू की है। इसके अलावा, एंबुलेंस के माध्यम से विशेषज्ञ डॉक्टर ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर नेत्र जांच शिविर आयोजित करते हैं और जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित करते हैं।

संस्था का लक्ष्य स्वास्थ्य के साथ-साथ शिक्षा, पोषण तथा महिला और बाल कल्याण के जरिए गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।