जिला कांग्रेस कमिटी की बैठक, नगर निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा
By Team Lohardaga live


लोहरदगा। जिला कांग्रेस कमिटी लोहरदगा की एक महत्वपूर्ण बैठक राजेंद्र भवन, कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारी तथा कांग्रेस पार्टी समर्थित उम्मीदवार संतोष उराँव की जीत सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति तय करना था।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने कहा कि पार्टी आलाकमान के साथ विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस पार्टी ने संतोष उराँव को अधिकृत एवं पार्टी समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें और चुनावी तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाएं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव कांग्रेस की विचारधारा और जनसेवा की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद ने कहा कि नगर क्षेत्र के विकास के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान का निर्णय सभी के लिए मान्य है और संगठनात्मक अनुशासन का पालन करना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी एकता बनाए रखते हुए चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे ने नगर क्षेत्र के बुनियादी विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव तक सीमित नहीं है बल्कि नगरवासियों के जीवन स्तर में सुधार लाना है।
कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार संतोष उराँव ने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता यदि उन्हें सेवा का अवसर देती है तो नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, महिलाओं के लिए शौचालय, सार्वजनिक पुस्तकालय तथा स्वच्छ और सुंदर नगर के लिए ईमानदारी से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की राय और सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में जिला कमिटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, नगर एवं प्रखण्ड स्तर के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, एससी प्रकोष्ठ एवं अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ सहित विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने विचार रखे और एकजुट होकर चुनाव में कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में जिलाध्यक्ष सुखैर भगत, प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, पूर्व जिला उपाध्यक्ष मोहन दुबे, पूर्व जिला महासचिव शाहिद अहमद बेलू, प्रत्याशी संतोष उराँव, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उराँव, पूर्व जिला सचिव परवेज सिद्दीकी, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
