जिला विकास समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, उपायुक्त ने योजनाओं में समन्वय और समयबद्धता पर दिया जोर
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला विकास समन्वय समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। उपायुक्त ने सभी विभागों को विकास योजनाओं को गति देने और आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए विभागीय स्तर पर तुरंत संवाद कर समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि सभी योजनाएं निर्धारित समय पर पूरी हो सकें।
24 करोड़ रुपये की अनक्लेम्ड राशि के लिए केवाईसी कराने का निर्देश
बैठक में यह जानकारी दी गई कि जिले की लगभग 24 करोड़ रुपये की राशि विभिन्न विभागों में अनक्लेम्ड पड़ी है। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जल्द से जल्द केवाईसी प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि आरबीआई की स्वीकृति के बाद यह राशि कोषागार में जमा कराई जा सके।
आवारा कुत्तों को रेबीज टीकाकरण और नसबंदी की योजना
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में अब जिले में आवारा कुत्तों को रेबीज का टीका लगाया जाएगा और उनकी नसबंदी कर उन्हें पुनः उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा। जबकि आक्रामक एवं रेबीज संक्रमित कुत्तों को शेल्टर में रखा जाएगा। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
उपायुक्त ने सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक को कंबल आपूर्ति के लिए कार्यादेश जारी करने का निर्देश दिया। सभी केंद्र प्रायोजित पेंशनधारियों का डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने का कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना में केवाईसी के कारण लाभ से वंचित लोगों का केवाईसी कार्य त्वरित गति से पूरा कराने का निर्देश दिया गया।
सैटेलाइट टाउन के लिए भूमि चिन्हित करने का निर्देश
जिले में प्रस्तावित सैटेलाइट टाउन के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का कार्य संबंधित अंचलाधिकारियों को सौंपा गया। धान अधिप्राप्ति को लेकर कैरो प्रखंड स्थित लैम्प्स को अधिप्राप्ति केंद्र के रूप में चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। किसानों को पंजीकरण करवाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया। सरकार ने धान की कीमत 24.50 रुपये प्रति किलोग्राम तय की है और धान अधिप्राप्ति 15 दिसंबर 2025 से शुरू होगी।
रबी फसल बीमा के लिए किसानों को प्रेरित करने पर जोर
रबी फसल जैसे गेहूं, चना, सरसों और आलू के लिए किसानों को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने को प्रेरित करने का निर्देश दिया गया। केसीसी धारक किसान अपने बैंक से संपर्क कर बीमा करा सकते हैं, जबकि अन्य किसान प्रज्ञा केंद्र के माध्यम से मात्र एक रुपये टोकन मनी देकर बीमा करा सकेंगे। बीमा की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है।
### पीएम आवास योजना 2.2 का सत्यापन एक सप्ताह में पूरा करने का आदेश
उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएम आवास योजना 2.2 में चयनित लाभार्थियों का पुनः सत्यापन एक सप्ताह के भीतर पूरा कर लें। जो लोग पात्र नहीं हैं, उनके नाम सूची से हटाने को कहा गया।
### पेयजल, विद्युत और निर्माण कार्यों की समीक्षा
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को बंद पड़ी पुरानी योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर वंचित परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया गया। सभी विभागों को अपनी योजनाओं का शिलापट्ट लगाने को कहा गया। विद्युत विभाग को बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान और ब्रिकेटिंग प्लांट व दोना-पत्तल यूनिट को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। जिले के छह नए उप-स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने को कहा गया। पथ प्रमंडल को अपनी परियोजनाओं से संबंधित भूमि अधिग्रहण का कार्य अविलंब पूरा करने का निर्देश दिया गया।
इस बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिषेक कुमार, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, आईटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी उपस्थित थे।
