जिला फुटबॉल लीग का आगाज कल से, 25 टीमें दिखाएंगी दमखम
By Team Lohardaga live

नशा मुक्ति और रक्तदान जागरूकता को समर्पित होगी इस वर्ष की प्रतियोगिता, मैचों के साथ लगेगा रक्तदान शिविर
लोहरदगा। जिला फुटबॉल संघ, लोहरदगा के तत्वावधान में जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार, 17 जुलाई से होगा। प्रतियोगिता को लेकर गुरुवार को सांसद सह जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष सुखदेव भगत की अध्यक्षता में उनके आवास पर बैठक आयोजित की गई, जिसमें लीग के सफल संचालन को लेकर टीमों के कोच, मैनेजर एवं पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि इस वर्ष ए डिवीजन में 9, बी डिवीजन में 9 तथा महिला वर्ग में 7 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता के दौरान ए डिवीजन की अंतिम दो टीमें अगले सत्र में बी डिवीजन में चली जाएंगी, जबकि बी डिवीजन की विजेता टीम अगले वर्ष ए डिवीजन में खेलने के लिए क्वालीफाई करेगी।
जिला फुटबॉल संघ ने सभी टीमों को निर्धारित समय पर पूरी खेल सामग्री एवं आवश्यक उपकरणों के साथ मैदान में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मैच निर्धारित रिपोर्टिंग समय के अनुसार ही संचालित किए जाएंगे।
इस वर्ष की लीग प्रतियोगिता को सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा गया है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति और रक्तदान के प्रति जागरूक करना है। जिले में रक्त की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से सांसद सुखदेव भगत और उपायुक्त की अपील पर प्रत्येक मैच दिवस के दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें खिलाड़ी, टीम पदाधिकारी और खेल प्रेमियों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की गई है।
बैठक में जिला फुटबॉल संघ के अभिनव सिद्धार्थ भगत, साजिद अहमद, बसंत तिर्की, शुकरा उरांव, संजय भगत, वीरेंद्र यादव, मनोज भगत, फूलदेव उरांव, संदीप उरांव, सोनू कुरैशी, तबारक अंसारी, तारिक अनवर, रफीक अंसारी, राहुल कुमार, सुभाष तिर्की, पूजा कुमारी, रोशन मुंडा, जॉय निखिल रुंडा, आरिफ खान, रौनक अंसारी, शंकर भगत, अलीन कुजूर, निरंजन उरांव, मतीश यादव, रंजीत उरांव, जितेंद्र उरांव, प्रियेश उरांव, अमित मिंज सहित जिला फुटबॉल संघ के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।
