Orange hindi lohardaga live

17 जुलाई से शुरू होगी जिला फुटबॉल लीग, खिलाड़ियों में खेल भावना के साथ सामाजिक जागरूकता का होगा संदेश

By Team Lohardaga live

Sport
A

लीग के आधार पर होगा जिला टीम का चयन, नशामुक्ति और रक्तदान के लिए भी चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

लोहरदगा। जिला फुटबॉल संघ की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को नदिया स्थित सांसद सुखदेव भगत के आवासीय कार्यालय में संघ के अध्यक्ष अभिनव सिद्धार्थ की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में वर्ष 2026 की जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता के आयोजन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता का आयोजन संभावित रूप से 17 जुलाई से नदिया स्कूल मिनी स्टेडियम में किया जाएगा। वर्ष 2025 की जिला लीग में भाग लेने वाली टीमों को सीधे प्रवेश दिया जाएगा। यदि कोई टीम भाग नहीं लेती है तो उसके संबंध में जिला फुटबॉल संघ निर्णय करेगा। वहीं पहली बार भाग लेने वाली टीमों के लिए बी डिवीजन लीग आयोजित की जाएगी। बी डिवीजन की विजेता टीम को अगले वर्ष ए डिवीजन में सीधे प्रवेश मिलेगा।

संघ के अध्यक्ष अभिनव सिद्धार्थ ने कहा कि लीग प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि खिलाड़ियों को नशामुक्ति, रक्तदान और सामाजिक सरोकारों के प्रति भी जागरूक करना है। खेल के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

संघ के पदाधिकारी साजिद अहमद ने कहा कि जिला फुटबॉल टीम का चयन केवल लीग प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के आधार पर किया जाएगा, ताकि योग्य खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

बैठक में बताया गया कि सभी टीमों को 8 जुलाई तक प्रवेश प्रपत्र उपलब्ध करा दिए जाएंगे तथा 12 जुलाई तक उन्हें जिला फुटबॉल संघ के पास जमा करना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले नदिया स्कूल मिनी स्टेडियम में खेले जाएंगे। आयोजन की सफलता के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में अभिनव सिद्धार्थ, साजिद अहमद, मनोज भगत, मनोज सोन तिर्की, सुकरा उरांव, विकास नाथ शाहदेव, वीरेंद्र यादव, सोनू कुमार, नंदकिशोर शुक्ला, सोनू कुरैशी, राजेंद्र, रफीक अंसारी, तारीख अनवर, गुलाम जिलानी, संदीप उरांव, जोय, तबारक अंसारी, विनय उरांव, अमित मिंज, हफीजुल, हरि उरांव, जयपाल उरांव, फैयाज, सुहेल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।