जिला मुखिया संघ की बैठक सम्पन्न शिक्षा सुधार, पंचायत विकास और संगठन सुदृढ़ीकरण पर गहन चर्चा
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। जिले के समाहरणालय परिसर स्थित यूकेलिप्टस मैदान में जिला मुखिया संघ की महत्वपूर्ण बैठक जिला अध्यक्ष बासुदेव उरांव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिले के विभिन्न पंचायतों से आए बड़ी संख्या में मुखियाओं ने बैठक में भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प को दोहराया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संघ की पुनर्मजबूती, संगठन विस्तार, पंचायत स्तर पर मुखियाओं की सक्रिय भूमिका और ग्राम स्तरीय शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना रहा। बैठक की शुरुआत संघ की संगठनात्मक मजबूती पर चर्चा से हुई। अध्यक्ष बासुदेव उरांव ने कहा कि पंचायत प्रशासन की जिम्मेदारी सीधे जनकल्याण से जुड़ी होती है, इसलिए मुखियाओं की एकजुटता और सक्रियता बेहद आवश्यक है। उन्होंने नई सदस्यता अभियान, पंचायतों में संघ की सक्रिय उपस्थिति और संगठन विस्तार पर विशेष बल दिया।
ग्रामीण शिक्षा बैठक का सबसे प्रमुख विषय रहा। मुखियाओं ने चिंता जताई कि कई क्षेत्रों में बच्चों की स्कूल उपस्थिति अभी भी संतोषजनक नहीं है। इसे सुधारने के लिए अभिभावकों से नियमित संवाद, बच्चों के ठहराव को सुनिश्चित करना, ड्रॉपआउट रोकने के उपाय और विद्यालय वातावरण में सुधार जैसी पहल पर सामूहिक रूप से कार्य करने का निर्णय लिया गया। मुखियाओं ने कहा कि शिक्षा ही गांव के विकास की मजबूत नींव है।
बैठक में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, पोषण और रोजगार जैसी विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मुखियाओं ने कहा कि योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने पर भी सहमति बनी।
बैठक में महिला मुखियाओं की सक्रिय उपस्थिति उल्लेखनीय रही। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से रखा। संघ ने महिला नेतृत्व को पंचायत विकास की रीढ़ बताते हुए उनकी भागीदारी को और बढ़ावा देने का आग्रह किया।
बैठक के अंत में सभी मुखियाओं ने यह संकल्प लिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षा सुधार, विकास योजनाओं की निगरानी, जनता की समस्याओं के समाधान और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे। संघ ने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से जिले को एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा।
बैठक में संघ के संरक्षक दिलीप कुमार उरांव, सचिव परमेश्वर महली, वरिष्ठ सदस्य अनिल उरांव, सुमित उरांव, धनेश्वरी उरांव, कैली उरांव, बसंत उरांव, सुनील उरांव, प्रदीप उरांव, भागवत खेरवार, सुमन उरांव, सुमित्रा उरांव, कमला देवी, ममता कुमारी, राजश्री उरांव, राजकिशन उरांव, फुलमनी उरांव सहित अनेक मुखिया उपस्थित रहे।
