Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में पहली बार जिला स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप का हुआ सफल आयोजन

By Teem Lohardaga live

Education
उपस्थित बच्चे

डिजिटल कौशल और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो दिवसीय प्रतियोगिता सम्पन्न

लोहरदगा। झारखंड शिक्षा परियोजना द्वारा जिले में पहली बार आयोजित जिला स्तरीय आईसीटी चैंपियनशिप का सफल समापन 18 एवं 19 नवंबर 2025 को कस्तूरबा मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय (बालिका), लोहरदगा में हुआ। दो दिवसीय इस कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के प्रखंड स्तरीय चयनित विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन ई-शिक्षा महोत्सव के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में डिजिटल दक्षता, तकनीकी समझ और नवाचार क्षमता को मजबूत करना है।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह पहल सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शिक्षा विभाग एवं झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की राज्यव्यापी योजना का हिस्सा है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास चंद्रमौलेश्वर ने बताया कि आईसीटी चैंपियनशिप विद्यार्थियों के लिए तकनीकी दुनिया से परिचित होने, डिजिटल कौशल विकसित करने और अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों की नई सोच, समस्या-समाधान क्षमता और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा दिया है।

उन्होंने कहा कि आईसीटी चैंपियनशिप जैसे मंच बच्चों में रचनात्मक सोच, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होंगे। हमारी अपेक्षा है कि लोहरदगा के विद्यार्थी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करें।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को डिजिटल पोस्टर निर्माण, प्रेज़ेंटेशन एवं इन्फोग्राफिक्स, शैक्षणिक मोबाइल ऐप/माइक्रो सॉल्यूशन, कोडिंग एवं प्रोजेक्ट निर्माण तथा विज्ञान, गणित एवं सामाजिक विज्ञान विषयों पर आधारित डिजिटल मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के निर्देश पर पहली बार आयोजित इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रखंड स्तर पर चयनित 9–10 तथा 11–12 वर्ग के प्रतिभागियों ने भाग लिया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को उपायुक्त लोहरदगा द्वारा आगामी समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।