डायट चिरी में TLPS 2025 झारखंड अध्ययन रिपोर्ट का जिला स्तरीय विमोचन
By Team Lohardaga live

शिक्षण-अधिगम की गुणवत्ता सुधारने पर जोर, विद्यालयों में FLN और प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को मजबूत करने की पहल
लोहरदगा। जिला शिक्षा परियोजना लोहरदगा एवं लैंग्वेज एंड लर्निंग फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चिरी में Teaching Learning Practices Survey (TLPS) 2025 की झारखंड राज्य अध्ययन रिपोर्ट का जिला स्तरीय विमोचन एवं साझाकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधीक्षक सह अपर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अभिजीत कुमार, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी मोनिदीपा बनर्जी तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर रिपोर्ट का विमोचन करते हुए किया। इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी एमलीन सुरिन, LLF की प्रतिनिधि इप्सिता मिश्रा, राज्य टीम के बिमलेश कुमार एवं शैलेन्द्र कुमार, डायट के संकाय सदस्य, बीआरपी, सीआरपी, शिक्षक एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में TLPS 2025 अध्ययन के प्रमुख निष्कर्षों को साझा किया गया। रिपोर्ट में कक्षा-कक्ष की शिक्षण-अधिगम प्रक्रियाओं, बच्चों की सहभागिता, शिक्षक-विद्यार्थी संवाद, भाषा एवं गणित शिक्षण, शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग तथा आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मकता (FLN) को सुदृढ़ बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए।
अपने संबोधन में जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार ने कहा कि TLPS 2025 विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता सुधारने के लिए एक महत्वपूर्ण मार्गदर्शक दस्तावेज है। उन्होंने बीआरपी एवं सीआरपी से विद्यालय भ्रमण के दौरान प्रभावी शिक्षण पद्धतियों के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने तथा शिक्षकों को सतत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने रिपोर्ट की अनुशंसाओं पर विस्तृत चर्चा की और उन्हें विद्यालय स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के सुझाव दिए। कार्यक्रम के सफल समन्वय में LLF के जिला कार्यक्रम समन्वयक निखिल कुमार एवं कंचन भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने अध्ययन की अनुशंसाओं को प्रभावी रूप से लागू कर प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।