उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला पुस्तकालय समिति की बैठक, विद्यार्थियों की सुविधाएं बढ़ाने पर जोर
By Team orangehindi

अध्ययन का बेहतर माहौल बनाने के साथ पुस्तकें, कैंटीन, सुरक्षा, आरओ वाटर और पहचान पत्र की होगी व्यवस्था
लोहरदगा। नदिया स्थित जिला पुस्तकालय में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर सोमवार को जिला पुस्तकालय समिति की बैठक हुई। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष जिला पुस्तकालय समिति संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुस्तकालय की व्यवस्था और सुविधाओं को सुदृढ़ करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि जिला पुस्तकालय में अध्ययन के लिए आने वाले युवक-युवतियों से निर्धारित मासिक शुल्क लिया जाएगा। पुस्तकालय के संचालन और वित्तीय व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए बैंक खाता खोलने का भी निर्णय लिया गया।
उपायुक्त ने पुस्तकालय की लाइब्रेरियन को विद्यार्थियों की जरूरत के अनुरूप आवश्यक पुस्तकों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। सूची के आधार पर सामान्य अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं सहित अन्य उपयोगी पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पुस्तकालय परिसर में कैंटीन शुरू कराने, भवन की सुरक्षा के लिए रात्रि प्रहरी की व्यवस्था करने तथा परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा पुस्तकालय आने वाले विद्यार्थियों और अन्य पाठकों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने तथा स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ वाटर फिल्टर लगाने पर भी सहमति बनी।
उपायुक्त ने पुस्तकालय की साफ-सफाई, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, जिला पुस्तकालय की लाइब्रेरियन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।