शहीद एसपी को जिलेवासियों ने किया नमन, दी श्रद्धांजलि
By Team Lohardaga Live

लोहरदगा जिले के उग्रवाद प्रभावित पेशरार घाटी में 4 अक्टूबर 2000 को नक्सलियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए लोहरदगा के जाबांज एसपी अजय कुमार सिंह के शहादत पर शहर के बीच अजय उद्यान में श्रद्धांजलि सभा सह सर्व धर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस बल के जवानों ने शहीद एसपी अजय कुमार सिंह को सशस्त्र शोक सलामी दी।
श्रद्धांजलि सभा सह सर्व धर्म प्रार्थना सभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद ने कहा कि शहीद के बताए मार्ग पर चलकर ही विकास का सफर पूरा किया जा सकता है। उन्होंने शहीद एसपी अजय कुमार सिंह के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया। इससे पूर्व शहीद एसपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
वहीं, एसपी सादिक अनवर रिजवी ने शहीद एसपी अजय कुमार सिंह की वीरता और बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद एसपी की शहादत को हमेशा याद रखा जाएगा और उनके बताए मार्ग पर चलकर जिले के विकास के लिए काम किया जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में शहीद एसपी अजय कुमार सिंह के पिता रामश्रय सिंह, उनकी माता, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, नगर परिषद प्रशासक मुक्ति कीड़ों सहित जिले के वरीय अधिकारियों और शहर के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। सभी ने शहीद एसपी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण कर उन्हें नमन किया।
