झामुमो केंद्रीय नेतृत्व से मिले जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद, लोहरदगा संगठन की गतिविधियों से कराया अवगत
By Team Lohardaga live

विनोद पांडेय ने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और एसआईआर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के दिए निर्देश
रांची/लोहरदगा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के लोहरदगा जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने मंगलवार को रांची स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लोहरदगा जिले में संगठन की वर्तमान स्थिति, सांगठनिक गतिविधियों और बूथ स्तर तक संगठन विस्तार को लेकर किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी केंद्रीय नेतृत्व को दी।
बैठक में जिले में संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक एवं सांगठनिक कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। मोजम्मिल अहमद ने बताया कि जिले में झामुमो कार्यकर्ता गांव-गांव तक पहुंचकर संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आम लोगों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठा रहे हैं।
केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने जिले में चल रहे एसआईआर अभियान की समीक्षा करते हुए संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। इसलिए बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नियमित जनसंपर्क अभियान चलाया जाए। साथ ही आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यकर्ता हमेशा तत्पर रहें।
विनोद पांडेय ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पात्र लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की विकास और जनहित से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
मुलाकात के बाद जिलाध्यक्ष मोजम्मिल अहमद ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन के अनुरूप लोहरदगा जिले में संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। साथ ही एसआईआर अभियान को भी पूरी सक्रियता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
