“फूट डालो और राज करो” नीति नहीं चलेगी : धीरज प्रसाद साहू
By Team Lohardaga live

पूर्व राज्यसभा सांसद के नेतृत्व में ट्रक ओनर एसोसिएशनों की संयुक्त बैठक संपन्न
लोहरदगा। जिले के थाना रोड स्थित साहू सदन में पूर्व राज्यसभा सांसद तथा ट्रक ओनर एसोसिएशन के संरक्षक धीरज प्रसाद साहू की अध्यक्षता में तीनों ट्रक ओनर एसोसिएशनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोहरदगा-गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन, पाखर लोहरदगा ट्रक ओनर एसोसिएशन और पाखर रिचूघूटा ट्रक ओनर एसोसिएशन (आदर्श मोटर समिति) के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक में पदाधिकारियों ने बताया कि हिंडाल्को कंपनी माइंसों में जबरन ट्रकों पर नए नंबर लगाने का दबाव बना रही है। आरोप लगाया गया कि कंपनी किसी न किसी बहाने से माइंसों में नए नंबर लागू करवाना चाहती है। हाल ही में पाखर रिचूघूटा में दो नए ट्रकों को कंपनी द्वारा लोडिंग के लिए भेजा गया था, जिसका तीनों संगठनों ने विरोध किया। विरोध के बाद दो दिन में ही खाली ट्रकों को वापस बुला लिया गया।
संगठनों का कहना था कि वर्ष 2022 में यह निर्णय हुआ था कि कोई नया नंबर नहीं लगेगा, और आज भी सभी एसोसिएशन्स उस निर्णय पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि पहले से ही माइंसों में जरूरत से अधिक ट्रक मौजूद हैं, जिसके कारण महीने में केवल 2, 4 या 8 ट्रिप ही मिल पा रहे हैं। ऐसे में नए नंबर किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
हिंडाल्को पर ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाने का आरोप
संगठनों ने आरोप लगाया कि हिंडाल्को एसोसिएशनों में फूट डालने की कोशिश कर रही है और संगठन के हितों के विपरीत कार्य कर रही है। पदाधिकारियों ने माइंसों से संबंधित व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी भी संरक्षक धीरज प्रसाद साहू को दी।
कंपनी पर सख्त चेतावनी
बैठक को संबोधित करते हुए धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि यदि हिंडाल्को कंपनी अपनी मनमानी से बाज नहीं आती, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन और ट्रक मालिकों की सहमति ही अंतिम निर्णय होगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी—“फूट डालो और राज करो की नीति अब नहीं चलेगी। यदि मजबूरी बनाई गई तो ऐसी बंदी होगी कि सभी माइंस और सभी ट्रक एक साथ बंद कर दिए जाएंगे।”
प्रशासनिक परेशानियों पर भी चर्चा
पदाधिकारियों ने प्रशासनिक स्तर पर आ रही समस्याओं से भी साहू को अवगत कराया। इस पर उन्होंने कहा कि वे उच्च अधिकारियों से बात कर रहे हैं, क्योंकि ट्रक परिवहन इस क्षेत्र की लाइफलाइन है और तीन जिलों के लगभग एक लाख लोग इस व्यवसाय पर निर्भर हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि लाइफलाइन को बचाने के लिए वे पूरी तरह एसोसिएशन के साथ खड़े हैं।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारी
बैठक में मुख्य रूप से लोहरदगा-गुमला ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह, वरिष्ठ सदस्य संतोष साहू, सचिव मुद्रिका यादव, रोहित अग्रवाल, रहमान अंसारी, कोषाध्यक्ष अभय सिंह, उपाध्यक्ष बरज सिंह, रहमत अंसारी, मोहम्मद बबलू, राजेश शर्मा, संजीव शर्मा, तारीक खान, मोहम्मद अमानुल्लाह, जतरू मुंडा, तारकेश्वर महतो, वासिफ क्यूम, संदेश कुमार, सुमित विश्वकर्मा, बिट्टू विश्वकर्मा, मनीष सिंह, मनोज कुमार, फिरोज राही, बबलू कोयला, राजेश विश्वकर्मा, मोहम्मद गुड्डू, मुन्ना खान, प्रदीप कुमार, शंकर प्रजापति, शशि कुमार वर्मा, मुख्तार अंसारी और महेंद्र कुमार उपस्थित थे।
वहीं, लोहरदगा पाखर ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद बबलू उर्फ मोहम्मद आरिफ, तथा पाखर रिचूघूटा ट्रक ओनर एसोसिएशन (आदर्श मोटर समिति) के अध्यक्ष कुदूस अंसारी, जफर इमाम, यूनेस अंसारी, अजमल कुरैशी, साकिर अंसारी, अकबर अंसारी, बिट्टू विश्वकर्मा, संतोष गुप्ता और विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
