Orange hindi lohardaga live

दीपावली पर्व खुशियों और सद्भाव का प्रतीक है : उपायुक्त डॉ. ताराचंद

By Team Lohardaga live

Culture
उपायुक्त डॉ कुमार ताराचंद

लोहरदगा उपायुक्त ने जिलावासियों को दी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने दीपों के पर्व दीपावली के पावन अवसर पर लोहरदगा जिले के सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रभु श्रीराम से जिलेवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की है।

उपायुक्त ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल प्रकाश का त्योहार नहीं, बल्कि यह शान्ति, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने अपील की कि लोग न केवल अपने घरों को रौशनी से जगमगाएं, बल्कि अपने मन के अंधकार को भी दूर करें और सकारात्मक सोच अपनाएं।

डॉ. ताराचंद ने कहा कि आतिशबाजी करते समय सुरक्षा और सावधानी बरतना आवश्यक है। उन्होंने झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण परिषद, रांची के आदेशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि आतिशबाजी के लिए केवल वही पटाखे जलाए जा सकेंगे जिनकी ध्वनि सीमा 125 डेसिबल (dB A) से कम हो। दीपावली के दिन पटाखे शाम 8 बजे से रात 10 बजे तक ही चलाने की अनुमति होगी।

उपायुक्त ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर आतिशबाजी खुले स्थानों पर करें और आस-पास पानी की बाल्टी जरूर रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। दीपावली के दौरान किसी दुर्घटना की स्थिति में त्वरित उपचार हेतु सदर अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौबीसों घंटे खुले रहेंगे।

डॉ. ताराचंद ने जिलेवासियों को काली पूजा, लक्ष्मी-कुबेर पूजा, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और चित्रगुप्त पूजा की भी हार्दिक बधाई दी है।