समाहरणालय मैदान में 16-17 अक्टूबर को लगेगा दीवाली हाट
By Team Lohardaga live

स्थानीय कारीगरों और स्वदेशी उत्पादों को मिलेगा मंच
लोहरदगा। जिले के उपायुक्त डॉ. ताराचंद की पहल पर स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से समाहरणालय मैदान, लोहरदगा में दो दिवसीय दीवाली हाट का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 16 और 17 अक्टूबर 2025 को आयोजित होगा।
इस विशेष आयोजन में स्थानीय कुम्हार, बांस शिल्पकार, महिला स्वयं सहायता समूह, कृषक उत्पादक समूह एवं पारंपरिक कारीगरों को अपने उत्पाद प्रदर्शित और विक्रय करने के लिए निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए जाएंगे।
मेले में बांस से बनी टोकरी, सूप, दीये, मोमबत्तियां, माला, तोरण, झालर, दोना-पत्तल, देव मूर्तियां, मिट्टी के खिलौने, पूजन सामग्री, स्थानीय मिठाइयां, लावा, मुढ़ी, करंज का तेल सहित कई स्वदेशी उत्पादों की बिक्री होगी।
मेला लगाने के इच्छुक व्यक्ति या समूह अधिक जानकारी के लिए जिला पंचायत राज पदाधिकारी, लोहरदगा (मो. 8210439118) से संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन, लोहरदगा ने आमजन से अपील की है कि वे इस दीवाली हाट में शामिल होकर खरीदारी करें और स्थानीय कारीगरों तथा शिल्पकारों को प्रोत्साहित करें।
