Orange hindi lohardaga live

डोर-टू-डोर पहुंच ग्रामीणों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी

By Team orangehindi

General
डोर-टू-डोर पहुंच ग्रामीणों को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी

नालसा योजनाओं, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान

लोहरदगा। जिले में चल रहे 60 दिवसीय मेगा विधिक जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को 33वें दिन किस्को प्रखंड की हिसरी पंचायत के मेरले गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राज कमल मिश्रा एवं डालसा सचिव मनोरंजन कुमार के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में पीएलवी ने ग्रामीणों के घर-घर पहुंचकर कानूनी अधिकारों और निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी दी।

पीएलवी शाहिद हुसैन, निशा कुमारी और कलिंदर उरांव ने ग्रामीणों को विभिन्न नालसा योजनाओं, निःशुल्क कानूनी सहायता और जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान जागरूकता शिविर भी लगाया गया। कलिंदर उरांव ने निःशुल्क विधिक सहायता, ज्ञान एवं शिक्षा सहायता एवं पहुंच योजना तथा नालसा डॉन योजना की जानकारी दी। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के उपयोग के बारे में बताया।

शाहिद हुसैन ने मानव-वन्यजीव संघर्ष, एसिड अटैक पीड़ितों के लिए उपलब्ध कानूनी सेवाओं, मानव तस्करी एवं नालसा जागृति योजना की जानकारी दी। वहीं निशा कुमारी ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, गरीबी उन्मूलन समेत अन्य कल्याणकारी योजनाओं के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया।

अभियान के दौरान साइबर अपराध से बचाव, घरेलू हिंसा, भूमि संबंधी अधिकारों एवं डायन प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी जागरूकता फैलायी गई। पीएलवी ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी कानूनी समस्या, शोषण या अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता का लाभ उठाएं।

और पढ़ें