एमबी डीएवी विद्यालय में नशामुक्ति अभियान, विद्यार्थियों ने लिया जागरूकता का संकल्प
By Team orangehindi

शिक्षकों ने बताए नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव, जागरूकता रैली व पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन
लोहरदगा। एमबी डीएवी विद्यालय लोहरदगा में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नशामुक्त विद्यालय अभियान चलाया गया। प्राचार्या प्रेरणा शंखधर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी विद्यार्थियों को दी। शिक्षक यूसी दास ने नशामुक्ति अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्ति से संबंधित विभिन्न जागरूकता स्लोगन के माध्यम से नशे के खिलाफ संदेश दिया। विद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई तथा पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यम से नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के समापन पर शिक्षिका मीता बसु के साथ विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त वातावरण तैयार करने के साथ समाज में जागरूकता का संदेश पहुंचाना है।