कैरो में दशहरे का उल्लास, तीन स्थानों पर जला रावण का पुतला
By Team orangehindi


जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने तीर चलाकर किया रावण दहन, हजारों लोगों ने देखा असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक उत्सव
कैरो। लोहरदगा जिले के कैरो प्रखंड में विजयादशमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। दशहरा के अवसर पर प्रखंड मुख्यालय, गजनी और चरिमा में रावण दहन का आयोजन किया गया। आकर्षक विद्युत सज्जा और उत्सवी माहौल के बीच आयोजित कार्यक्रमों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे। रावण दहन के साथ ही क्षेत्र में बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश गूंज उठा।
विजयादशमी के अवसर पर प्रखंड मुख्यालय स्थित मां अंबे दुर्गा पूजा पंडाल समेत गजनी, हनहट और चरिमा के पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। दशमी तिथि पर पूर्णाहुति और हवन के बाद मां दुर्गा की आरती की गई। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। जय माता दी और जय मां शेरावाली के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा। पूजा-अर्चना के बाद विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
इसके बाद प्रखंड मुख्यालय, गजनी और चरिमा में रावण दहन का आयोजन हुआ। प्रखंड मुख्यालय में जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव ने तीर चलाकर रावण दहन किया। इस दौरान रावण दहन देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उत्सव के माध्यम से लोगों को अहंकार, अन्याय और बुराई का त्याग कर सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में प्रखंड विकास पदाधिकारी छंदा भट्टाचार्य, अंचल अधिकारी कुमारी शिला उरांव, थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार, डॉ. राकेश कुमार, पूजा समिति अध्यक्ष शैलेश कुमार, अंकित कुमार, कुलदीप साहू, गोविंद महतो, बसंत महतो सहित आयोजन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की भूमिका रही।