Orange hindi lohardaga live

बगड़ू खनन क्षेत्र में हिंडाल्को की आठ सीएसआर योजनाओं का हुआ शुभारंभ

By Team Lohardaga live

General
बगड़ू खनन क्षेत्र में हिंडाल्को की आठ सीएसआर योजनाओं का हुआ शुभारंभ

शिक्षा, आजीविका और आधारभूत सुविधाओं को मिली मजबूती, कॉर्पोरेट सीएसआर प्रमुख अभिजीत बोले– संसाधनों का बेहतर उपयोग ही विकास की कुंजी

लोहरदगा। हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के खान प्रभाग ने बगड़ू खनन क्षेत्र में सीएसआर के तहत संचालित आठ विकास योजनाओं का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंडाल्को के कॉर्पोरेट सीएसआर प्रमुख अभिजीत ने फीता काटकर विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ किया।

उद्घाटन की गई योजनाओं में उच्च विद्यालय बगड़ू जामुनटोली एवं राजकीय उच्च विद्यालय हेसापीढ़ी में 'प्रोजेक्ट अध्ययन' के तहत मिनी साइंस लैब की स्थापना, 'प्रोजेक्ट उद्यमी' के अंतर्गत छह वर्मी कम्पोस्ट शेड, 'प्रोजेक्ट कायाकल्प' के तहत सामुदायिक भवन एवं सामूहिक शौचालय के जीर्णोद्धार तथा 'प्रोजेक्ट सक्षम' के अंतर्गत बड़ चोरगाई गांव में सिलाई प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत शामिल है। प्रशिक्षण केंद्र में महिलाओं को प्रशिक्षण देने के लिए दस सिलाई मशीनें भी उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉर्पोरेट सीएसआर प्रमुख अभिजीत ने कहा कि आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों और तकनीक के बेहतर उपयोग से विद्यार्थियों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने महिलाओं से वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन को आजीविका का सशक्त माध्यम बनाने और उत्पादन क्षमता बढ़ाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग ही आर्थिक उन्नयन और ग्रामीण विकास का आधार है। सीएसआर योजनाओं का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय को आत्मनिर्भर बनाना भी है।

कार्यक्रम में उड़ीसा क्लस्टर सीएसआर प्रमुख शिबा महापात्रा, रेणुकूट क्लस्टर सीएसआर प्रमुख अनिल झा, बॉक्साइट क्लस्टर सीएसआर प्रमुख श्वेता उपाध्याय, खान प्रभाग के सीएसआर प्रमुख नीरज कुमार तथा एरिया हेड शोभा रानी मोहंती विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक प्रबंधक (सीएसआर) बगड़ू भास्कर सिन्हा, सीएसआर अधिकारी अनन्या डे, राम अवतार पासवान, राकेश तिवारी, अभय भारती, मनोज चौधरी, मनोरंजन कुमार, अमित मिश्रा, भास्कर दास गुप्ता सहित विद्यालयों के शिक्षक, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही।

और पढ़ें