लोहरदगा में चुनावी सरगर्मी तेज, रघुवर दास ने किया जनसंपर्क
By Team Lohardaga live

भाजपा समर्थित उम्मीदवार अनिल उरांव के पक्ष में पूर्व मुख्यमंत्री की अपील

लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव को लेकर राज्यभर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी ने अपने समर्थित अध्यक्ष पद के उम्मीदवार अनिल उरांव के पक्ष में पूरी ताकत झोंक दी है। इसी क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास लोहरदगा पहुंचे और वरिष्ठ जनों के साथ सीधा संवाद कार्यक्रम तथा युवा सम्मेलन में भाग लिया।
वरिष्ठ जनों से संवाद, युवाओं में जोश
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित किया और युवाओं को संबोधित करते हुए भाजपा समर्थित उम्मीदवार अनिल उरांव को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। सभा में भाजपा के कई नेता, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
विश्व हिंदू परिषद ने दिया समर्थन
कार्यक्रम में हिंदू संगठन विश्व हिंदू परिषद ने भी रघुवर दास की उपस्थिति में भाजपा समर्थित उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की। संगठन की ओर से हिंदू समाज से एकजुट होकर अनिल उरांव को मतदान करने की अपील की गई।
गठबंधन सरकार पर साधा निशाना
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य की कांग्रेस-जेमएम गठबंधन सरकार पर शहरी विकास की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शहर किसी भी राज्य की आन, बान और शान होते हैं, लेकिन वर्तमान सरकार ने शहरी क्षेत्रों के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और ग्रीन सिटी जैसे बुनियादी मुद्दों पर राज्य सरकार ने कोई ठोस कार्य नहीं किया है। उन्होंने लोहरदगा सहित पूरे झारखंड की जनता से अपील की कि जहां भी भाजपा समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, उन्हें वोट देकर विजयी बनाएं और विकास को गति दें।
लोहरदगा में भाजपा के अध्यक्ष पद प्रत्याशी अनिल उरांव को विजयी बनाने की अपील के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
