लोहरदगा में सड़क सुरक्षा पर आपात बैठक, उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने दिये सख्त निर्देश
By Team Lohardaga live

गति सीमा तय होगी, भारी वाहनों पर समयबद्ध रोक, अवैध वाहन चालन पर होगी सख्त कार्रवाई
लोहरदगा। जिले में लगातार हो रहे सड़क दुर्घटनाओं को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा संबंधी आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों को दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु कई सख्त और ठोस निर्देश जारी किए।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल रांची, पथ प्रमंडल लोहरदगा, नगर परिषद और हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि बॉक्साइट खनन क्षेत्रों में दुर्घटना वाले मार्गों की तकनीकी जांच कर एक माह में सुधार रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
शहरी क्षेत्र में तय होगी गति सीमा, लगेंगे साइनेज
राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल को शहरी क्षेत्रों में वाहनों की गति सीमा निर्धारित कर साइनेज लगाने, सड़क की चौड़ाई व मार्किंग स्पष्ट करने और तकनीकी खराबियों को दूर करने का निर्देश दिया गया।
सोमवार और शुक्रवार को भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित
बैठक में निर्णय लिया गया कि हर सोमवार और शुक्रवार दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इस आदेश के सख्त अनुपालन का निर्देश दिया।
नियमित वाहन जांच अभियान चलेगा
उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी और पुलिस विभाग को संयुक्त रूप से नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अव्यस्क द्वारा वाहन चलाने की स्थिति में वाहन मालिक और कंपनी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हेलमेट व लाइसेंस चेकिंग, हैलोजन लाइट, स्पीड राइडिंग, ट्रिपल राइडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और नंबर प्लेट संबंधी नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिये गए।
अतिक्रमण हटाने और नालियां ढकने का निर्देश
नगर परिषद को न्यू रोड लोहरदगा में खुली नालियों को ढंकने तथा अनुमंडल पदाधिकारी को शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शीघ्र करने के निर्देश दिये गये।
जनता से फीडबैक देने की अपील
उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजन की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में सड़क की स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थानों या सुझावों की जानकारी व्हाट्सएप नंबर 9608354154 या ईमेल roadsafety.loahardaga@gmail.com पर भेजें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, डीएसपी समीर तिर्की, एसडीओ अमित कुमार, एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, डीटीओ जया संखी मुर्मू, नगर प्रशासक मुक्ति किड़ो, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, एनएच कार्यपालक अभियंता, उत्पाद अधीक्षक, डीडीएमओ प्रमोद दास, सदर अंचल अधिकारी, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी, हिण्डाल्को इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि व आईराइड मैनेजर समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
