नौ दिनों की भक्ति के बाद भावुक हुई विदाई, श्रीमद्भागवत कथा का हुआ समापन
By Team orange hindi

सुदामा चरित्र और परीक्षित मोक्ष प्रसंग ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर, हवन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

लोहरदगा। शहर के गुदरी बाजार स्थित मुंद्रिका बैंक्वेट में आयोजित नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का गुरुवार को भव्य और भावपूर्ण समापन हुआ। नौ दिनों तक कथा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और कथा का श्रवण किया। अंतिम दिन अयोध्या धाम से पधारे कथावाचक अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज ने सुदामा चरित्र, परीक्षित मोक्ष और व्यास पूजन का प्रसंग सुनाया। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
अंतिम दिन यजमान और आयोजन समिति के सदस्यों ने व्यास पीठ का विधिवत पूजन-अर्चन किया। इसके बाद कथाव्यास की विदाई के दौरान माहौल भावुक हो गया। श्रद्धालुओं की आंखों में विदाई की नमी थी, वहीं नौ दिनों की कथा से मिले आध्यात्मिक संदेशों को जीवन में उतारने का संकल्प भी नजर आया।
कथा व्यास अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज ने अंतिम संदेश में कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल सुनने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। कथा के दौरान मिली सीख को अपने आचरण और व्यवहार में उतारना ही इस धार्मिक आयोजन की वास्तविक सफलता है। उन्होंने नगरवासियों के प्रेम, सहयोग और सेवा भाव की सराहना की।
रामकथा के आयोजन का आग्रह
आयोजन समिति की ओर से जय प्रकाश शर्मा ने कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पहुंचने और अनुशासन के साथ कथा श्रवण करने वाले श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने व्यास जी और उनकी टीम से आने वाले समय में भव्य रामकथा आयोजित करने का आग्रह किया, जिसे कथाव्यास ने सहर्ष स्वीकार किया।
मुंद्रिका बैंक्वेट के संचालक राजन मेहता ने श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए अगले धार्मिक आयोजन के लिए परिसर के बड़े मैदान में व्यवस्था उपलब्ध कराने की घोषणा की, ताकि अधिक लोगों के लिए बैठने की सुविधा सुनिश्चित की जा सके।
सुनील अग्रवाल ने नौ दिनों तक आयोजन की व्यवस्था, सेवा कार्य और प्रसाद वितरण में जुटे सभी सदस्यों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आगामी रामकथा आयोजन की तैयारी पहले से की जाएगी।
विदाई समारोह के दौरान आयोजन समिति के कुंदन साहू, प्रमोद अग्रवाल, जय गोविंद सोनी, मनीष राजगढ़िया, अशोक कानस्कर, आनंद पांडे, संजय अग्रवाल, संजय शर्मा और संजय चौधरी ने कथाव्यास अच्युत प्रपन्नाचार्य महाराज, प्रवचनकर्ता पंडित राम बालक और संगीत मंडली के सदस्यों को शॉल, स्मृति चिह्न और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश साहू के अलावा राजेश अग्रवाल, सुमित राय, सूरज अग्रवाल और बसंत साहू ने व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया।
कथा के समापन के बाद आयोजित आरती में यजमान कुंदन साहू, मधु साहू, जय प्रकाश शर्मा, रितु शर्मा, सुनील अग्रवाल, रश्मि अग्रवाल, सुमित राय, नेहा राय, संजय चौधरी, करुणा चौधरी, सूरज अग्रवाल, खुशबू अग्रवाल, बसंत साहू और संगीता साहू सपत्नीक शामिल हुए।
नौ दिवसीय कथा के समापन के बाद यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति दी। इसके साथ ही नौ दिनों से चल रहा श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।