केंद्रीय विद्यालय में सुविधाओं के विस्तार पर जोर, डीसी ने दिए कई निर्देश
By Team orangehindi


उपायुक्त की अध्यक्षता में प्रबंधन समिति की बैठक, सीसीटीवी, सोलर पैनल और स्वास्थ्य शिविर पर बनी सहमति
लोहरदगा। समाहरणालय सभाकक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में केंद्रीय विद्यालय लोहरदगा (रांची संभाग) की प्रबंधन समिति की बैठक हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं की समीक्षा की गई।
प्रधानाध्यापिका सह समिति की सदस्य सचिव नमीता ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, छात्र-छात्राओं के नामांकन तथा खेलकूद की उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान विद्यालय में इंटरैक्टिव पैनल की आवश्यकता पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने पर सहमति बनी।
विद्यालय की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए झारखंड नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (जेआरईडीए) को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। पुस्तकालय को समृद्ध करने के लिए पुस्तकों की खरीद हेतु विद्यालय स्तर पर शिक्षकों की समिति गठित करने का निर्देश उपायुक्त ने दिया। समिति को विद्यार्थियों की जरूरत के अनुसार पुस्तकों का आकलन कर चयन करने को कहा गया।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का भी निर्देश दिया। विद्यालय में निर्बाध पेयजल आपूर्ति को लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर, प्रधानाध्यापिका नमीता, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राम पद हांसदा, यूनियन बैंक के शाखा प्रबंधक सहित समिति के सदस्य और संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।