Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर, एसएनसीयू से एमटीसी तक व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

By Team orangehindi

Administrative
लोहरदगा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर, एसएनसीयू से एमटीसी तक व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश
लोहरदगा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर, एसएनसीयू से एमटीसी तक व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश

संस्थागत प्रसव और टीकाकरण की नियमित निगरानी होगी, आवासीय विद्यालयों में बच्चों की स्वास्थ्य जांच व पेयजल की गुणवत्ता पर भी रहेगी नजर

लोहरदगा। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने को लेकर उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, अस्पतालों की सुविधाओं और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के साथ प्रत्येक गर्भवती महिला की एएनसी जांच, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन, प्रसव और टीकाकरण की नियमित निगरानी करने को कहा। सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव की एल-1 सुविधा उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य केंद्रों को विकसित करने का निर्देश दिया गया। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत लाभार्थियों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

नवजात शिशुओं को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए सदर अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड को पूरी तरह क्रियाशील करने और मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, कुपोषण उपचार केंद्रों (एमटीसी) में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने तथा गंभीर और मध्यम तीव्र कुपोषण की श्रेणी के बच्चों की पहचान कर उन्हें भर्ती कराने को कहा गया।

उपायुक्त ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय समेत सभी आवासीय विद्यालयों में नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, विद्यार्थियों की आभा (ABHA) आईडी बनवाने और पेयजल की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एक्स-रे मशीनों के उपयोग, एम्बुलेंस की उपलब्धता, टीबी एवं कुष्ठ रोग की जांच और पात्र एड्स पीड़ितों को पेंशन योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया। शिकायत मिलने पर अस्पतालों की जांच तथा पीसीपीएनडीटी एक्ट के अनुपालन के लिए अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आलोका कुमारी चौधरी सहित सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

और पढ़ें