क्षत्रिय समाज की एकजुटता और महिला सशक्तीकरण पर जोर
By Team orangehindi

महिला सम्मेलन में शिक्षा, संस्कार, कौशल विकास और सामाजिक सहभागिता को लेकर हुआ मंथन
लोहरदगा। क्षत्रिय गौरव एकता मंच के बैनर तले रविवार को टाइनी टास्क स्कूल सभागार में महिला शाखा का एकदिवसीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन क्षत्रिय गौरव एकता मंच झारखंड के संयोजक प्रवीण कुमार सिंह, समाजसेवी कृपा प्रसाद सिंह, क्षत्रिय महासभा लोहरदगा के अध्यक्ष उदय शेखर, महासचिव जयंत कुमार सिंह सहित संध्या सिंह, अंजली सिंह, शिवांगी कुमारी, वीणा सिंह, नीतू सिंह, पूजा सिंह, सपना शाहदेव और जहान्वी सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता संध्या सिंह ने की, जबकि संचालन अंजली सिंह ने किया। स्वागत भाषण उदय शेखर ने दिया। वक्ताओं ने समाज के गौरवशाली इतिहास, वर्तमान परिस्थितियों और सामाजिक विकास में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार रखे।
शिवांगी सिंह ने समाज के विकास में छात्राओं और महिलाओं के योगदान पर चर्चा की। नीतू सिंह ने समाज के उत्थान में महिलाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए महिलाओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। पूजा सिंह ने नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने, ग्रामीण महिलाओं की स्थिति में सुधार, बुजुर्गों के सम्मान और सामाजिक संस्कारों को बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
जहान्वी सिंह ने नारी सशक्तीकरण, बच्चों के बेहतर पालन-पोषण, परिवार के सुचारू संचालन, शिक्षा को समाज की मजबूती का आधार बनाने तथा कौशल विकास और खेलकूद में बच्चों की भागीदारी बढ़ाने की बात कही।
मुख्य वक्ता प्रवीण कुमार सिंह ने शिक्षा को सामाजिक उत्थान का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए क्षत्रिय समाज में एकजुटता और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने बुजुर्गों के सम्मान के साथ लोहरदगा सहित अन्य जिलों में महिलाओं की सामाजिक स्थिति पर भी विचार रखे।
उन्होंने महिलाओं के बीच बेहतर संवाद और समन्वय के लिए एक साझा व्हाट्सऐप समूह बनाने का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित महिलाओं ने हाथ उठाकर समर्थन किया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसकी जानकारी मंच के महासचिव जयंत कुमार सिंह ने दी।