Orange hindi lohardaga live

जालिम बॉक्साइट माइंस बंद होने से ठप पड़ा रोजगार, सेरेंगदाग में ट्रक परिचालन की मांग को लेकर ट्रक मालिकों का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन

By Team Lohardaga live

General
प्रदर्शन करते ट्रक मालिक

लोहरदगा। शहरी क्षेत्र स्थित हिण्डाल्को मुख्य कार्यालय गेट के समीप बुधवार को जालिम ट्रक ऑनर एसोसिएशन के बैनर तले आक्रोशित ट्रक मालिकों ने अपनी मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान ट्रक मालिकों ने हिण्डाल्को प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को रखा। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि जालिम बॉक्साइट माइंस पिछले दस महीनों से पूरी तरह बंद है। इस वजह से एसोसिएशन से जुड़े लगभग 58 ट्रक पिछले दस माह से खड़े हैं। ट्रकों के पहिए थमने के कारण इससे जुड़े ड्राइवरों, खलासियों (हेल्परों) और खुद ट्रक मालिकों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। उनको परिवारों का भरन पोषण करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।आक्रोशित ट्रक मालिकों ने हिण्डाल्को कंपनी से मांग की है कि प्रभावित ट्रकों को सेरेंगदाग माइंस में परिचालन की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि अगर इन ट्रकों को सेरेंगदाग माइंस में जोड़ दिया जाता है, तो बेरोजगार हो चुके सैकड़ों लोगों को फिर से रोजगार मिल सकेगा। ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक विचार नहीं किया गया, तो वे आगे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।