नीतियों में आज भी नेहरू को जिम्मेदार ठहराती है केंद्र सरकार : सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद जो भी नीतियां लागू की जा रही हैं, वे कहीं न कहीं नेहरू-गांधी के इर्द-गिर्द ही घूमती नजर आती हैं। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी सरकार सच्चाई के साथ आगे बढ़ने के बजाय हर समस्या के लिए पूर्ववर्ती सरकारों को जिम्मेदार ठहराने का प्रयास करती है।
सांसद सुखदेव भगत संसद में वायु प्रदूषण पर हुई चर्चा के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण कोई नई समस्या नहीं है, लेकिन आज देश के करोड़ों लोग प्रदूषित वातावरण में रहने को मजबूर हैं। इसके बावजूद केंद्र सरकार के पास इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए कोई ठोस रोडमैप या स्पष्ट योजना नजर नहीं आती।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सरकार आज भी वायु प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू को ही जिम्मेदार ठहराती रहेगी। उन्होंने आशंका जताई कि सरकार भविष्य में भी इसी रास्ते पर चलती रहेगी।
सांसद ने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि सरकार के पास एक स्पष्ट कार्ययोजना हो, जिससे वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और बेहतर वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए, लेकिन इस दिशा में ठोस प्रयासों का अभाव साफ दिखाई देता है।
