Orange hindi lohardaga live

राष्ट्रीय लोक अदालत में 1203 मामलों का निष्पादन, 2.10 करोड़ रुपये से अधिक की राजस्व वसूली

By Team Lohardaga live

Administrative
राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन करते अतिथिगण

सिविल कोर्ट परिसर में वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, उत्कृष्ट छात्रों को किया गया सम्मानित

लोक अदालत में उपस्थित लोग

लोहरदगा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में शनिवार को वर्ष की अंतिम राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन व्यवहार न्यायालय (सिविल कोर्ट) परिसर में किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा, उपायुक्त सह डालसा उपाध्यक्ष डॉ. ताराचंद, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय प्रेमलता त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक सह डालसा सदस्य सादिक अनवर रिजवी तथा जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हेमंत कुमार सिन्हा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

डालसा सचिव ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए कुल छह बेंचों का गठन किया गया था। बेंच संख्या एक में विद्युत संबंधी मामलों का निष्पादन जिला जज प्रथम स्वयंभू के नेतृत्व में किया गया। बेंच संख्या दो में पारिवारिक, एमएसीटी, आपराधिक अपील, सिविल अपील एवं वैवाहिक विवादों से जुड़े मामलों की सुनवाई हुई। बेंच संख्या तीन में आपराधिक कंपाउंडेबल, माइंस एंड मिनरल्स, पुलिस एक्ट, मोटर वाहन अधिनियम एवं आबकारी मामलों का निष्पादन मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के.के. मिश्रा के नेतृत्व में किया गया।

बेंच संख्या चार में सभी सिविल वादों तथा एसबीआई, यूनियन बैंक, बीएसएनएल एवं पंजाब नेशनल बैंक से संबंधित मामलों की सुनवाई सीनियर सिविल जज रोहित कुमार के नेतृत्व में की गई। बेंच संख्या पांच में ग्रामीण बैंक, बैंक ऑफ इंडिया एवं अन्य बैंकों से जुड़े मामलों का निष्पादन सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अमित कुमार गुप्ता के नेतृत्व में हुआ। वहीं बेंच संख्या छह में उपभोक्ता फोरम, म्युनिसिपल लॉ, लेबर लॉ, राजस्व मामलों सहित अन्य प्रकरणों की सुनवाई उपभोक्ता फोरम की सदस्य पूनम सुनीता बाड़ा के नेतृत्व में की गई।

लोक अदालत के दौरान कुल 1203 वादों का निष्पादन किया गया, जिससे 2,10,58,596 रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। निस्तारित वादों में से 273 मामले विभिन्न न्यायालयों में लंबित थे।

उत्कृष्ट बच्चों को किया गया सम्मानित

इसी अवसर पर झालसा, रांची के निर्देशानुसार संविधान दिवस 26 नवंबर को जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में कुल 40 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था, जिनमें से छह छात्राओं को राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्रमाण पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया।

सम्मानित छात्राओं में अंकिता कुमारी (गवर्नमेंट प्लस टू चुन्नीलाल विद्यालय), आनंदी कुमारी (एमबी डीएवी पब्लिक स्कूल, लोहरदगा), अंशु तिर्की (एमएलए इंटर महिला कॉलेज), अंजली कुमारी (संत उर्सलाइन गर्ल्स स्कूल), रोशनी कुमारी (संत उर्सलाइन गर्ल्स स्कूल) तथा पूजा कुमारी (गवर्नमेंट प्लस टू चुन्नीलाल विद्यालय) शामिल हैं। इन छात्राओं को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजकमल मिश्रा, कुटुंब न्यायालय की प्रधान न्यायाधीश प्रेमलता त्रिपाठी, उपायुक्त डॉ. ताराचंद, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी एवं अधिवक्ता संघ अध्यक्ष हेमंत कुमार सिन्हा द्वारा सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जिला जज-1, एसडीओ अमित कुमार, पीएलए चेयरमैन शिव कुमार, एलएडीसीएस चीफ नसीम अंसारी, अधिवक्तागण, बैंक कर्मी, पीएलवी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।