Orange hindi lohardaga live

मुहर्रम पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, प्रशासन ने सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील

By Team Lohardaga live

Administrative
A

लोहरदगा। मुहर्रम-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला परिषद सभागार में उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न अखाड़ों के संचालकों तथा शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया।

प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि जिले में हर वर्ष की तरह इस बार भी मुहर्रम आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने सभी अखाड़ा समितियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा सुरक्षा व्यवस्था में सभी का सहयोग अपेक्षित है।

मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और दंडाधिकारियों की रहेगी तैनाती

उपायुक्त ने बताया कि जुलूस मार्ग एवं मेला स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। सिविल सर्जन को पर्याप्त संख्या में मेडिकल टीम की तैनाती, सभी एम्बुलेंस को सक्रिय रखने तथा संबंधित सूची अखाड़ों और अधिकारियों को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जुलूस एवं मेला क्षेत्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से करने का निर्णय लिया है। सभी अखाड़ों को अपने जुलूस की वीडियो रिकॉर्डिंग कराने तथा स्वयंसेवकों की सूची संबंधित अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

उपायुक्त ने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध पोस्ट या संदेश की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

डीजे पर पूरी तरह प्रतिबंध

पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेशों का प्रसार करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई होगी। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से युवाओं को जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग के प्रति जागरूक करने की अपील की।

आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बीएनएस की धारा 126 के तहत आवश्यक कार्रवाई, बाउंड डाउन एवं वारंट निष्पादन समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उत्पाद अधीक्षक को शराबबंदी संबंधी आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने, विद्युत विभाग को नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन सेवाएं और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, पीडी आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, डीएसपी समीर तिर्की, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।