विद्यालय परिसर में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक वाहन जांच अभियान
By Team Lohardaga live

स्कूल बसों, ऑटो और निजी वाहनों की गहन जांच, छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक
लोहरदगा उपायुक्त के निर्देशानुसार गुरुवार को DAV Public School परिसर में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूल बसों, छात्राओं को लाने-ले जाने वाले ऑटो तथा बाइक से आने वाले छात्रों के वाहनों की बारीकी से जांच की गई।
अभियान में जिला परिवहन अधिकारी जया सांखी मुर्मू, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंध अमृतेश्वर गिरी, रोड इंजीनियर एनालिस्ट कृष्ण कुमार गुप्ता और ट्रैफिक इंचार्ज गैलन रजवार अपने दल-बल के साथ मौजूद रहे। टीम ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
जिला परिवहन अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन और बस चालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाइक से स्कूल आने वाले छात्र-छात्राओं को हेलमेट पहनने, वैध दस्तावेज रखने और सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। कई छात्रों के वाहनों की जांच की गई और जहां भी नियमों की कमी पाई गई, वहां आवश्यक निर्देश दिए गए।
अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूल परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित बनाना तथा छात्रों में सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की आदत विकसित करना था।
