Orange hindi lohardaga live

तकनीक से खेती, बढ़ेगी आमदनी: महिला किसानों को आधुनिक कृषि अपनाने का संदेश

By Team orangehindi

Agriculture
तकनीक से खेती, बढ़ेगी आमदनी: महिला किसानों को आधुनिक कृषि अपनाने का संदेश
तकनीक से खेती, बढ़ेगी आमदनी: महिला किसानों को आधुनिक कृषि अपनाने का संदेश

लोहरदगा में महिला किसान दिवस पर सफल महिला कृषकों का सम्मान, नीलमा को दिल्ली में मिल चुका है पुरस्कार

लोहरदगा। खेती में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर महिलाएं न केवल अपनी आमदनी बढ़ा सकती हैं, बल्कि कृषि के क्षेत्र में नई पहचान भी बना सकती हैं। यह संदेश गुरुवार को जिला कृषि पदाधिकारी सह आत्मा परियोजना निदेशक के तत्वावधान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 के तहत महिला किसान दिवस कार्यक्रम में दिया गया।

जिला कृषि विभाग परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन जिला कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विभिन्न प्रखंडों से पहुंचीं प्रगतिशील महिला किसानों को गमछा देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने खेती में अपने अनुभव, संघर्ष और सफलता की कहानियां साझा कीं।

कृषि पदाधिकारी कालेन खलखो ने कहा कि किसान महिलाएं आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन और आय में वृद्धि कर सकती हैं। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती करने और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

महिला किसानों ने श्री विधि से धान की खेती, मशरूम उत्पादन, एक एकड़ में खेती तथा टपक सिंचाई के माध्यम से सब्जी उत्पादन जैसे सफल प्रयोगों की जानकारी दी। कुड़ू प्रखंड की नीलमा को दिल्ली में सम्मानित किया जाना जिले की महिला किसानों की उपलब्धियों का उदाहरण है।

कार्यक्रम में आत्मा के जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने संस्था की गतिविधियों, महिला कृषक मित्रों की भूमिका और किसानों को प्रशिक्षण व एक्सपोजर विजिट के माध्यम से नई तकनीकों से जोड़ने की जानकारी दी। सेन्हा प्रखंड में जैविक खाद, खेत संरक्षण और संतुलित उर्वरक उपयोग को लेकर चलाए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा हुई।

मौके पर नाबार्ड की डीडीएम शोभा रानी, जिला सहकारिता पदाधिकारी आशा टोप्पो, प्रदान की एक्जीक्यूटिव सुरभि मौर्य, किस्को एफपीओ की सीईओ रीना सोरेन सहित विभिन्न प्रखंडों की महिला कृषक और कृषि विभाग के कर्मी उपस्थित थे।

और पढ़ें