भ्रूण लिंग जांच पर रहेगी कड़ी नजर, अल्ट्रासाउंड केंद्रों का होगा नियमित औचक निरीक्षण
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले में भ्रूण लिंग जांच पर प्रभावी रोक लगाने और पीसीपीएनडीटी अधिनियम का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त संदीप कुमार मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की गतिविधियों और अधिनियम के अनुपालन की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिला समन्वयक ने जिले के सभी पंजीकृत अल्ट्रासाउंड केंद्रों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी केंद्रों का निर्धारित मानकों एवं चेकलिस्ट के अनुरूप नियमित औचक निरीक्षण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर नियमों की अनदेखी नहीं होने दी जाए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि भ्रूण के लिंग निर्धारण अथवा लिंग जांच जैसी अवैध गतिविधियों के प्रति प्रशासन की शून्य सहनशीलता की नीति रहेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक अल्ट्रासाउंड केंद्र में शिकायत एवं सूचना के लिए सिविल सर्जन तथा राज्य स्तरीय नोडल पदाधिकारी का मोबाइल नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आम नागरिक किसी भी अनियमितता की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा सकें।
उन्होंने कहा कि समाज में लैंगिक समानता स्थापित करने और कन्या भ्रूण हत्या जैसी कुप्रथाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पीसीपीएनडीटी अधिनियम का कड़ाई से पालन आवश्यक है। इसके लिए निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाते हुए नियमित जांच, अनुश्रवण तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. राजू कच्छप, उपाधीक्षक डॉ. शंकर प्रसाद, सहायक सचिव डॉ. डी.एन. सिंह, अधिवक्ता सुरीला देवी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. दीप्ति माला कुजूर, जिला समन्वयक जोफा लकड़ा, लोहरदगा ग्राम स्वरोजगार संस्था एवं होप संस्था के प्रतिनिधियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
