बिजली चोरी के आरोप में चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। सेन्हा थाना क्षेत्र के बुटी, अरु और सेन्हा पंचायत में बिजली विभाग की ओर से बिजली चोरी पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान चलाया गया। यह अभियान विद्युत सहायक अभियंता अजू कच्छप के नेतृत्व में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान टीम ने बिजली की अवैध खपत करते हुए चार व्यक्तियों को रंगेहाथ पकड़ा। इनमें अरु पंचायत के अरु ग्राम निवासी मनीष कुमार गिरि, सेन्हा गोकुल नगर निवासी रंजीत कुमार साहू, बसंत राम तथा बुटी पंचायत अंतर्गत कंडरा निवासी श्रवण प्रसाद जायसवाल शामिल हैं।
सहायक विद्युत अभियंता अजू कच्छप ने इस संबंध में सेन्हा थाना में लिखित आवेदन देकर चारों के विरुद्ध अवैध रूप से बिजली चोरी करने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग कांड संख्या के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 195 और 117 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
