Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में दीपावली की रौनक से गुलजार पटाखों की दुकानें

By Team Lohardaga live

Culture
पटाका खरीदते बच्चे

खरीदारी के लिए उमड़ रही है लोगों की भीड़, ग्रीन पटाखों की बढ़ी मांग

दुकान में उमड़ी भीड़

लोहरदगा। दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही लोहरदगा जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में रौनक बढ़ गई है। जगह-जगह पटाखों की स्थायी और अस्थायी दुकानें सज चुकी हैं। एमजी रोड, महावीर चौक, बरवाटोली, मिशन चौक, सोमार बाजार, रेलवे साइडिंग, पतराटोली समेत कई स्थानों पर लोगों की भीड़ खरीदारी के लिए उमड़ रही है।

पटाखों के थोक व्यापारी फिरोज शाह ने बताया कि इस वर्ष ग्राहकों की मांग को ध्यान में रखते हुए बाजार में विभिन्न प्रकार के पटाखे उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें बच्चों के लिए छोटे पटाखे, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सुरक्षित फुलझड़ी और चकरी, वहीं बड़े बजट के ग्राहकों के लिए फैंसी पटाखे शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पटाखों की कीमतें ₹5 से लेकर हजारों रुपए तक हैं, जिससे हर वर्ग के लोग अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं।

इस बार बाजार में फैंसी और ग्रीन पटाखों की सबसे ज्यादा मांग देखने को मिल रही है। ये पटाखे आसमान में रंग-बिरंगे आकार और अद्भुत दृश्य बनाते हैं, जो बच्चों से लेकर बड़ों तक को आकर्षित करते हैं। दुकानदारों के अनुसार, ग्रीन पटाखे पर्यावरण के प्रति जागरूक ग्राहकों की पहली पसंद बन रहे हैं क्योंकि ये कम प्रदूषण फैलाते हैं।

आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए लोहरदगा बाजार पहुंच रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि ग्राहकों को किफायती दामों में उच्च गुणवत्ता वाले पटाखे उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इधर, जिला प्रशासन ने दीपावली के अवसर पर सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए सभी पटाखा दुकानदारों को निर्धारित गाइडलाइंस का पालन करने का निर्देश दिया है।