Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा नगर परिषद की पहली बोर्ड बैठक आयोजित, लिए गए कई अहम फैसले

By Team Lohardaga live

Administrative
बोर्ड को बैठक में उपस्थित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदगण

गर्मी, पेयजल, आवास और सीसीटीवी व्यवस्था पर फोकस

लोहरदगा। जिले में बढ़ती गर्मी और प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित मामलों सहित विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष अलर्ट मोड में नजर आए। नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव की अध्यक्षता में लोहरदगा नगर परिषद सभागार में पहली बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर परिषद प्रशासक मुक्ति कीड़ो, उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर समेत सभी 23 वार्डों के पार्षद शामिल हुए। बैठक में शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई।

बैठक में नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरा लगाने, गर्मी को देखते हुए प्रतिदिन पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, जरूरतमंदों को आवास योजना का लाभ सुलभ कराने, खाली पड़े सरकारी भवनों में जिम की व्यवस्था करने तथा आमजन के लिए शव वाहन की सुविधा उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर सहमति बनी। इस दौरान वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और सुझाव भी रखे, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए परिषद द्वारा उन पर विचार करने की बात कही गई।

मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाएगा। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि पात्र लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ आसानी से मिल सके। उन्होंने कहा कि शहर को सीसीटीवी से लैस कर सुरक्षित और स्वच्छ बनाना परिषद की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को जल्द धरातल पर उतारने की बात भी उन्होंने कही, ताकि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके।