Orange hindi lohardaga live

गुमला के पांच मुखियाओं ने सांसद सुखदेव भगत से की मुलाकात

By Team orange hindi

General
गुमला के पांच मुखियाओं ने सांसद सुखदेव भगत से की मुलाकात

पंचायतों की समस्याओं से कराया अवगत, सांसद ने समाधान का दिया भरोसा

लोहरदगा। गुमला जिले के पांच पंचायतों के मुखियाओं ने लोहरदगा स्थित सांसद सुखदेव भगत के आवास पर उनसे मुलाकात कर अपने-अपने पंचायतों की समस्याओं से अवगत कराया। मुखियाओं ने सड़क, पेयजल, बिजली, पेंशन, आवास, मनरेगा, वनाधिकार पट्टा, स्कूल और स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी समस्याएं सांसद के समक्ष रखीं।

मुखियाओं की समस्याओं को सुनने के बाद सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि पंचायतों के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पंचायत मजबूत होगी तो समाज और देश भी मजबूत होगा।

सांसद ने सरना स्थल और मसना स्थल के संरक्षण एवं घेराबंदी तथा अखड़ा निर्माण जैसी जरूरतों पर भी ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंचायत के मुखिया सीधे ग्रामीणों से जुड़े होते हैं, इसलिए उनके माध्यम से सामने आने वाली समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा।

सांसद ने सभी मुखियाओं को उनकी पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित स्तर पर पहल करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के विकास और उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है और इसके लिए सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा।

और पढ़ें