Orange hindi lohardaga live

सावन के पहले सोमवार पर अखिलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

By Team orange hindi

General
सावन के पहले सोमवार पर अखिलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए सुबह से लगी श्रद्धालुओं की कतार, सुरक्षा के रहे व्यापक इंतजाम

सावन के पहले सोमवार पर अखिलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

भंडरा (लोहरदगा)। सावन माह के पहले सोमवार को भंडरा क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक अखिलेश्वर धाम मंदिर में अहले सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे। दिनभर मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से गूंजता रहा।

श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों की मधुर धुनों के बीच श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना करते नजर आए। कई श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा और रुद्राक्ष की माला धारण कर बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। भंडरा थाना पुलिस के जवान मंदिर परिसर और आसपास तैनात रहे तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करते रहे।

अखिलेश्वर धाम के अलावा क्षेत्र के अन्य प्रमुख शिवालयों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। चट्टी स्थित महादानी भोलेनाथ मंदिर, कुम्हारिया, कसपुर के कारू मठ, ओखरडीपा, बेलडीपा और देशवाली स्थित शिव मंदिरों में भी भक्तों ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

स्थानीय श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन माह में अखिलेश्वर धाम में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।

मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि पूरे सावन माह के दौरान विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

और पढ़ें