Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा जिले के सभी छठ घाटों में उमड़ा आस्था का सैलाब

By Team Lohardaga live

Culture
ठाकुराइन तालाब में उपस्थित श्रद्धालु

श्रद्धालुओं ने उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर की सुख-समृद्धि की कामना

लोहरदगा। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा जिले भर में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय इस महापर्व का समापन हुआ। शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी छठ की छटा देखते ही बन रही थी।

जिले के विभिन्न छठ घाटों सीठियो, भकसो, शंख नदी, बड़ा तालाब, ठाकुराइन तालाब, कुडू प्रखंड, कैरो प्रखंड, सेन्हा प्रखंड, भंडरा प्रखंड और किस्को प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान भुवन भास्कर को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।

घाटों पर सुबह-सुबह गूंजते छठ गीतों और बजते ढोल-नगाड़ों ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। सूर्य की पहली किरण पड़ते ही श्रद्धालुओं ने हाथ जोड़कर सूर्य देव को नमन किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक रमेश उरांव भी अरु गांव के छठ घाट पहुंचे। उन्होंने उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर राज्य के सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की।

छठ पर्व को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारी और स्वयंसेवी संगठन पूरे पर्व के दौरान सक्रिय रहे ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो।

चार दिनों तक चले इस महापर्व के दौरान जिले में आस्था और भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला।