जेपीएससी आंदोलन में अभ्यर्थियों के बीच भोजन वितरण, भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु ने जताया समर्थन
By Team Lohardaga live

रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलनरत करीब 500 छात्रों को कराया गया भोजन वितरण, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की उठाई मांग
रांची/लोहरदगा। जेपीएससी एवं जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों के समर्थन में सोमवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु और हिंदूवादी नेता भैरव सिंह ने करीब 500 छात्र-छात्राओं के बीच भोजन का वितरण कराया। इस दौरान उन्होंने आंदोलनरत अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनकी मांगों को सुना और नैतिक समर्थन व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान अजातशत्रु ने कहा कि झारखंड का युवा अपने भविष्य, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और न्यायपूर्ण व्यवस्था की मांग को लेकर आंदोलन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उनका आरोप था कि भर्ती प्रक्रियाओं में सामने आई अनियमितताओं से युवाओं का भरोसा प्रभावित हुआ है, जिसे निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई के माध्यम से बहाल किया जा सकता है।
भैरव सिंह ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि अपने भविष्य को लेकर संघर्ष कर रहे छात्रों के साथ समाज को संवेदनशीलता के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार आंदोलनरत अभ्यर्थियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी।
भोजन वितरण के दौरान आंदोलनरत छात्रों ने सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विक्रम साहू, अमन कुमार, रंधीर दास, शुभम कुमार, सोम जी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और अभ्यर्थियों के प्रति अपना समर्थन जताया।
कार्यक्रम के अंत में अजातशत्रु और भैरव सिंह ने कहा कि जब तक राज्य के युवाओं के लिए पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनके लोकतांत्रिक संघर्ष के प्रति नैतिक समर्थन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने अभ्यर्थियों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की।