कुडू में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, एक्सपायरी सामान और अखाद्य रंग नष्ट
By Team orangehindi

उल्लंघन पर दो प्रतिष्ठानों पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना, फल विक्रेताओं को 15 दिनों में लाइसेंस लेने का निर्देश
लोहरदगा। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार, 16 सितंबर को कुडू प्रखंड मुख्यालय में सघन जांच अभियान चलाया। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर एवं विश्वनाथ गगराई के संयुक्त नेतृत्व में कुडू बस स्टैंड और मेन रोड स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों, मिष्ठान भंडार, ठेला-खोमचा संचालकों तथा फल विक्रेताओं की जांच की गई।
जांच के दौरान मेसर्स कलाम स्टोर में काफी मात्रा में एक्सपायरी पेय पदार्थ, मसाले, बिस्किट और सॉस समेत अन्य खाद्य सामग्री मिली। विभागीय टीम ने उक्त सामग्री को मौके पर नष्ट कराया तथा संचालक पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस लेने के लिए नोटिस भी जारी किया गया। मेसर्स योगेंद्र किराना दुकान में मिले एक्सपायरी सत्तू को भी नष्ट कराया गया। यहां से रजनीगंधा पान मसाला फैशन तथा आटी नंबर-1 ब्लैक ब्रांड के मसाला फैशनर के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
कुडू मेन रोड स्थित मेसर्स रांची स्वीट्स में साफ-सफाई की व्यवस्था खराब पाई गई। इस पर संचालक पर पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया और व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं, मेसर्स सागर स्वीट्स में मिले बासी लड्डुओं को मौके पर नष्ट कराया गया।
इसके अलावा बस स्टैंड क्षेत्र के ठेला-खोमचा संचालकों की भी जांच की गई। कुछ ठेलों पर बिकने वाले खाद्य पदार्थों में अखाद्य रंगों का इस्तेमाल पाया गया, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया। संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप प्रमाणित रंगों का उपयोग करने, हेड कवर और एप्रेन पहनने तथा सुरक्षित खाद्य रखने का आदेश दिया गया