Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, वर्मा स्वीट्स पर पांच हजार का जुर्माना

By Team orangehindi

General
लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, वर्मा स्वीट्स पर पांच हजार का जुर्माना

दूध-दही के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे, मिठाई दुकानों की स्वच्छता पर भी कार्रवाई

लोहरदगा। दुर्गापूजा के दौरान लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने मंगलवार को शहर के विभिन्न बाजारों में सघन जांच अभियान चलाया। पावरगंज चौक, गुदड़ी बाजार, अपर बाजार और महावीर चौक स्थित होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों तथा अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, दुकानों की स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

13 अक्टूबर को करीब एक दर्जन प्रतिष्ठानों में पनीर की जांच की गई। विभाग के अनुसार, जांच के दौरान कहीं भी कृत्रिम या एनालॉग पनीर मिलने की पुष्टि नहीं हुई। वहीं, पावरगंज चौक स्थित मेसर्स वर्मा स्वीट्स के किचन में गंदगी और सामग्रियों का असंतोषजनक रखरखाव पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम, 2006 के तहत पांच हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया। मेसर्स सागर स्वीट्स को कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और परिसर की साफ-सफाई में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।

गुदड़ी चौक स्थित मेसर्स रुद्रा डेयरी से आशीर्वाद ब्रांड के दूध व दही तथा सुधा ब्रांड के दूध के नमूने संग्रह किए गए। इन्हें जांच के लिए नामकुम स्थित प्रयोगशाला भेजा जाएगा। नमूनों में फैट, एसएनएफ, यूरिया और कृत्रिम रंगों की जांच की जाएगी।

अपर बाजार स्थित वृंदावन स्वीट्स, हॉट एंड कोल्ड, जनता जलपान सहित ठेला-खोमचा संचालकों के प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई और मिठाइयों के नमूने लिए गए। विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की निगरानी के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोइन अख्तर, विश्वनाथ गगराई और विभागीय कर्मी शामिल थे।

और पढ़ें