खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
By Team Lohardaga live

अपर बाजार व ईस्ट गोला रोड स्थित दुकानों का औचक निरीक्षण, लाइसेंस प्रदर्शन, स्वच्छ भंडारण और पेस्ट कंट्रोल के दिए निर्देश
लोहरदगा। जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोईन अख्तर के नेतृत्व में अपर बाजार एवं ईस्ट गोला रोड स्थित विभिन्न खाद्यान्न भंडारों, थोक एवं खुदरा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स केशरी स्टोर, मेसर्स माँ भगवती भंडार, मेसर्स कपिल प्रसाद गल्ला दुकान, मेसर्स मित्तल स्टोर तथा मेसर्स धनपति ट्रेडर्स में खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। इस क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत मूंगफली, चना दाल, चावल, नमक, अरहर दाल तथा फिंगर चिप्स सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के वैधानिक नमूने संग्रहित किए गए।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को एफएसएसएआई द्वारा जारी खाद्य लाइसेंस दुकान में अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। साथ ही खाद्यान्न से भरी बोरियों को सीधे फर्श पर रखने के बजाय लकड़ी के पट्टों अथवा तख्तों पर सुरक्षित ढंग से भंडारित करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान कुछ भंडारण स्थलों पर चूहों की मौजूदगी पाए जाने पर संबंधित संचालकों को पेस्ट कंट्रोल ऑफ इंडिया से प्रमाणित एजेंसी के माध्यम से तत्काल पेस्ट कंट्रोल कराने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को केवल गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रत्येक खाद्य व्यवसायी की जिम्मेदारी है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जांच के लिए लिए गए नमूनों की रिपोर्ट यदि मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत सक्षम न्यायालय में अभियोजन दायर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार का निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार भी उपस्थित रहे।
