Orange hindi lohardaga live

कुर्से में फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, धीरज साहू ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

By Team orangehindi

Sport
कुर्से में फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, धीरज साहू ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
कुर्से में फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन, धीरज साहू ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना सराहनीय पहल : रोहित उरांव

लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के कुर्से मिडिल स्कूल मैदान में आयोजित चार दिवसीय शहीद शेख भिखारी फुटबॉल प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति ने पारंपरिक पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर धीरज प्रसाद साहू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत, एकता और संघर्ष की भावना विकसित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।

युवा नेता रोहित उरांव ने प्रतियोगिता के आयोजन को ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है। ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करने के साथ उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हैं।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में हाजी जबारुल अंसारी, विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, नगर परिषद उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, अधिवक्ता सचिदानंद चौधरी, विशाल डुंगडुंग, हातिम अंसारी सहित आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।

चार दिनों तक चली इस प्रतियोगिता ने कुर्से और आसपास के क्षेत्रों में खेल के प्रति उत्साह का माहौल बनाए रखा। शहीद शेख भिखारी के नाम पर आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने और उनके बलिदान की स्मृति से जुड़ने का अवसर मिला।

और पढ़ें