इटा में फुटबॉल का जुनून, कुजूर ब्रदर्स ने जीता खिताब
By Team orangehindi

पूर्व सीआरपीएफ डीआईजी रविंद्र भगत ने युवाओं को दिया खेल और तकनीकी शिक्षा का संदेश, एआई की जानकारी हासिल करने पर भी दिया जोर
लोहरदगा। इटा में आयोजित सैनिक सम्मान फुटबॉल टूर्नामेंट 2026 में खिलाड़ियों ने खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में कुजूर ब्रदर्स की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सीआरपीएफ डीआईजी रविंद्र भगत उपस्थित थे। खिलाड़ियों और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि खेल में करियर बनाने की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को समय का महत्व समझते हुए खेल को करियर के रूप में अपनाना चाहिए। मेहनत, लगन और सही दिशा में प्रयास करने से सफलता हासिल की जा सकती है।
उन्होंने युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित नई तकनीकों की जानकारी हासिल करने की सलाह दी। कहा कि बदलते दौर में तकनीकी ज्ञान भी जरूरी है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील की।
कुजूर ब्रदर्स पहले, थाईलैंड की टीम दूसरे स्थान पर
प्रतियोगिता में कुजूर ब्रदर्स पहले, थाईलैंड की टीम दूसरे, माना पोखरा तीसरे और बीएफसी इटा चौथे स्थान पर रही। लोहरदगा छात्रावास की टीम पांचवें तथा सूरज ब्रदर्स की टीम छठे स्थान पर रही।
मौके पर तिगरा पंचायत के मुखिया बासुदेव उरांव, जिला परिषद अध्यक्ष सुखदेव उरांव, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव समेत अन्य अतिथि उपस्थित थे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन में समिति के अध्यक्ष नवीन कुमार शाह, सचिव हरि भगत, कोषाध्यक्ष कुंदन भगत, उपाध्यक्ष अमित लकड़ा, संयोजक निरंजन उरांव, उप कोषाध्यक्ष कमलदेव भगत और परवेश भगत सहित अन्य सदस्यों की भूमिका रही।