डोका में फुटबॉल का रोमांच, निघय आसरा ने बड़े भाई चटकपुर को पछाड़कर जीता खिताब
By Team orangehindi

सुखैर भगत ने ग्रामीण खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कहा—खेल से युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का होता है विकास
लोहरदगा। ग्राम पंचायत भड़गांव के ग्राम डोका में आयोजित तीन दिवसीय खस्सी फुटबॉल टूर्नामेंट का 10 अक्टूबर 2026 को फाइनल मुकाबले और पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन हुआ। टूर्नामेंट के समापन समारोह में लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखैर भगत अपने पैतृक गांव में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने दमदार प्रदर्शन कर खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रतियोगिता में निघय आसरा, बड़े भाई चटकपुर, सेन्हा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। एसटी जनवल, किस्को की टीम दूसरे स्थान पर रही। एरा इलाका, मेरा धमाका, अर्रू, सेन्हा की टीम ने तीसरा, जबकि आस्तिक क्लब, चुंदरी, घाघरा की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए सुखैर भगत ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। खेल से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी भाईचारा और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं।
उन्होंने युवाओं से शिक्षा के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और खेलकूद को बढ़ावा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, किस्को के जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस नेता संदीप गुप्ता, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, कुडू प्रखंड अध्यक्ष तनवीर गौहर सहित बालेश्वर उरांव, अमन उरांव, सेराज अंसारी, लालदेव उरांव, गोपाल साहू, ग्राम प्रधान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के दौरान बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों की मौजूदगी से आयोजन का माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा।