रांची में फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन, खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
By Team orangehindi

खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना विकसित करता है : धीरज प्रसाद साहू
रांची। मांडर प्रखंड की नगड़ा पंचायत के गोरे गांव में आयोजित खान ब्रदर्स गोरे फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन समिति और खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया।
समापन के अवसर पर धीरज प्रसाद साहू ने विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए नियमित अभ्यास और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अपने संबोधन में धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि खेल मनोरंजन के साथ युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। फुटबॉल जैसे खेलों से अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देती हैं।
उन्होंने आयोजन समिति की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण स्तर पर नियमित खेल आयोजन से युवाओं का खेलों के प्रति जुड़ाव बढ़ेगा। इससे प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए मंच भी मिलेगा।
समारोह में अधिवक्ता सच्चिदानंद चौधरी सहित टूर्नामेंट समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया।