झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ठाकुर लाल बालमुकुंद नाथ शाहदेव का हुआ निधन, क्षेत्र में शोक की लहर
By Team Lohardaga live

कल मुरमू गांव में होगा अंत्येष्टि
लोहरदगा। झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष, मुरमू निवासी तथा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ठाकुर लाल बालमुकुंद नाथ शाहदेव का निधन हो गया। उन्होंने रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और बौद्धिक जगत में उन्हें अपूरणीय क्षति के रूप में देखा जा रहा है।
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार कल मुरमू गांव में पूरे विधि-विधान के साथ किया जाएगा। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और आमजन के पहुंचने की संभावना है। विदित हो कि ठाकुर बालमुकुंद नाथ शाहदेव भाजपा के एक दिग्गज नेता और कुशल रणनीतिकार के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में संगठन को मजबूती प्रदान की और कई चुनावों में पार्टी को अपने रणनीतिक कौशल और नेतृत्व क्षमता के बल पर जीत दिलाई। वे न केवल एक प्रभावशाली राजनेता थे, बल्कि जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील और जमीन से जुड़े नेता भी थे।
मुरमू जैसे जंगलों से घिरे और संवेदनशील क्षेत्र में रहते हुए भी उन्होंने कभी उग्रवादी ताकतों से समझौता नहीं किया, बल्कि डटकर उनका मुकाबला किया। उनके साहस, स्पष्ट विचारधारा और निडर नेतृत्व ने क्षेत्र के लोगों को हमेशा प्रेरित किया। समाज और क्षेत्र में उनकी छवि एक दृढ़, ईमानदार और सिद्धांतवादी व्यक्ति की रही।
शाहदेव समाज के लिए वे एक मजबूत स्तंभ के रूप में पहचाने जाते थे। सामाजिक एकता, शिक्षा और संगठनात्मक मजबूती के लिए उनके योगदान को हमेशा स्मरण किया जाएगा। उनके निधन से समाज ने एक मार्गदर्शक और संरक्षक को खो दिया है। उनके निधन पर भाजपा नेताओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।
