लोहरदगा में गरजे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास घुसपैठ, लव जिहाद और धर्मांतरण को लेकर हेमंत सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लोहरदगा दौरे के दौरान राज्य सरकार पर बांग्लादेशी घुसपैठ, लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के संरक्षण में अवैध गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे आदिवासी समाज की पहचान और अस्तित्व पर संकट उत्पन्न हो रहा है।
रघुवर दास ने कहा कि संथाल परगना क्षेत्र, विशेषकर पाकुड़ के रास्ते बड़े पैमाने पर अवैध घुसपैठ हो रही है। उनका आरोप है कि इन गतिविधियों के कारण जनजातीय समाज पर चौतरफा प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि घुसपैठ के साथ-साथ लव जिहाद और जमीन जिहाद जैसी घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे आदिवासी समाज की जनसंख्या में कमी आई है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर धर्मांतरण होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह सब सरकार के संरक्षण में चल रहा है और इससे आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान पर खतरा मंडरा रहा है।
उन्होंने सभी समाज के लोगों से एकजुट होकर आदिवासी समुदाय के संरक्षण और संवर्धन के लिए आगे आने की अपील की। उनके इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर इन मुद्दों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
