Orange hindi lohardaga live

राज्य स्थापना दिवस पर विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होगा, उपायुक्त ने की तैयारी बैठक

By Teem Lohardaga live

Administrative
बैठक करते उपायुक्त

लोहरदगा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 15 नवंबर को राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान कई विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर उपायुक्त डॉ. ताराचंद की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपायुक्त ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को शिलापट्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग राज्य सरकार द्वारा जारी मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो।

शिलान्यास और उद्घाटन हेतु चयनित योजनाओं में आंगनवाड़ी केंद्रों का निर्माण, चेकडैम, नदी पर बने पुल, पेयजल आपूर्ति योजनाएं, सीएसआर अंतर्गत पूर्ण की गई योजनाएं, अनाबद्ध निधि से स्वीकृत परियोजनाएं, कल्याण विभाग के अंतर्गत धुमकुड़िया हाउस निर्माण तथा पर्यटन विभाग द्वारा शहीदों के शिलापट्ट लगाने की योजनाएं शामिल हैं।

बैठक में उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, आइटीडीए परियोजना निदेशक सुषमा नीलम सोरेंग सहित जिला के सभी तकनीकी एवं गैर-तकनीकी विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।